महामहिम राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी के साथ अफ्रीका के जिबूती और इथियोपिया देशों के दौरे पर।

दिंनाक: 03 Oct 2017 12:25:16

आज 3 अक्टूबर को दिल्ली से महामहिम राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी के साथ अफ्रीकन देशों के दौरे पर रवाना हुए।
महामहिम राष्ट्रपति महोदय 3 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक अफ्रीका के जिबूती और इथियोपिया देशों के दौरे पर रहेंगे। राष्ट्रपति महोदय का यह पहला विदेश दौरा है। इस महत्वपूर्ण विदेश दौरे के दल में मेरे साथ लोकसभा के 2 सदस्यों एवं राज्यसभा के 2 सदस्यों को सम्मिलित किया गया है।

राष्ट्रपति बनने के उपरांत श्री कोविंद का यह पहला विदेश दौरा है यह इस दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है कि जिबूती के लिये किसी भारतीय राष्ट्रप्रमुख का यह पहला दौरा होगा जबकि इथियोपिया के लिये 45 वर्षों बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति का दौरा होगा। इससे पहले तत्कालीन राष्ट्रपति श्री व्ही.व्ही.गिरि ने 1972 में इस देश का दौरा किया था। जिबूती के दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग से संबंधित समझौतों के अलावा विदेश विभाग के परामर्श को सांस्थानिक बनाने के लिये एक समझौते पर हस्ताक्षर होंगे और राष्ट्रपति महोदय वहां भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे।

स्मरणीय है कि जिबूती आज सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है जहां दुनिया की प्रमुख महाशक्तियों ने अपने सैनिक अड्डे स्थापित करके रखे हैं और जिबूती दुनिया के ऐसे गिने-चुने देशों में हैं जो पूरे तौर पर समुद्र के किनारे बसा हुआ है। आर्थिक और व्यवसायिक गतिविधियों के लिये यहाँ का समुद्री क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण हो चुका है। बढ़ती हुई अपनी सैन्य क्षमता व ताकत के साथ भारत के लिये यह आवश्यक है कि हिन्द महासागर में भारत का प्रभाव और भी अधिक बढ़े इस दृष्टि से यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है।

अफ्रीका को राष्ट्रपति के दौरे के लिये पहला विदेशी गंतव्य चुना गया है और इससे जाहिर होता है कि मौजूदा सरकार विश्व को बहुत बारीकी तथा भविष्य की चुनौतियों की दृष्टि से देख रही है और इसमें जिबूती एवं इथियोपिया का महत्वपूर्ण स्थान है।