नगर निगम द्वारा संचालित पांचों स्कूलों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी

दिंनाक: 29 Mar 2016 12:43:56


शहर में नगर निगम द्वारा संचालित पांच स्कूलों की हालत भी कमोवेश एेसी ही है। पर्याप्त शिक्षक, शासकीय सुविधाओं के बावजूद यहां पढ़ाई का स्तर और छात्रों की संख्या नहीं सुधर पा रही है। इन स्कूलों की खस्ताहालत के चलते गरीब से गरीब अभिभावक भी अपने बच्चों को यहां भेजने से कतराने लगे हैं। इस हालात के बीच निगम द्वारा संचालित पांचों स्कूलों में बड़ा बदलाव करने की तैयारी चल रही है। यदि सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो निगम के ये स्कूल किसी भी कॉन्वेंट स्कूल को मात देते नजर आएंगे। यहां पढऩे वाले बच्चे भी फर्राटेदार अंग्रेजी लिख-पढ़ पाएंगे। नगर निगम ने जिला परियोजना विभाग की मदद से इन स्कूलों में पहली क्लास से अंग्रेजी पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया है। इसी सत्र से निगम द्वारा संचालित पांचों स्कूलों में एक-एक अंग्रेजी के अध्यापक नियुक्ति किए जाएंगे। स्कूल हर साल एक-एक क्लास अपग्रेड होते जाएंगे। शासन से सभी बच्चों को ड्रेस, पाठ्यपुस्तकें और कॉपियां आदि भी उपलब्ध कराएगा।

नगर निगम ने लक्ष्मीनारायण शासकीय स्कूल को मॉडल बनाने की तैयारी में जुटा है। प्रभारी शिक्षाधिकारी एवं प्राचार्य वीणा वर्गिस के मुताबिक निगमायुक्त और महापौर के प्रयासों से एक एनजीओ की मदद से यहां स्मार्ट क्लासेज शुरू करने की कवायद चल रही है। बच्चों को थ्री-डी तकनीक से पढ़ाया जाएगा। डिजिटल कम्प्यूटर लैब होगा। परिसर में चारों तरफ सीसीटीवी लगाया जाएगा।